रेवाड़ी में लैंटर तोड़ते समय गिरने से पूर्व सरपंच के भाई की मौत

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में लैंटर तोड़ते समय गिरने से पूर्व सरपंच के भाई की मौत


रेवाड़ी, 02 मई (हि.स.)। जिले के गांव जाडरा में शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में पूर्व सरपंच के 52 वर्षीय भाई की मौत हो गई। पुराने मकान का लैंटर तोड़ते समय यह हादसा हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार जाडरा गांव निवासी भरत सिंह, जो कि पूर्व सरपंच ओमप्रकाश के भाई थे, अपने नए मकान के निर्माण के लिए पुराने घर को तोड़ने का कार्य कर रहे थे। शनिवार सुबह वह मकान के लैंटर को तोड़ रहे थे, तभी अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे छत पर गिर पड़े। गिरने से भरत सिंह को गंभीर चोटें आईं। परिजन और ग्रामीण उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि भरत सिंह खेती-बाड़ी से जुड़े हुए थे और गांव में एक मेहनती किसान के रूप में जाने जाते थे। उनकी अचानक हुई मौत से ग्रामीणों में गहरा शोक है और हर कोई इस हादसे को लेकर स्तब्ध है।

घटना की सूचना मिलने के बाद रामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story