रेवाड़ी में परिवार को कमरे में बंद कर लाखाें की चोरी

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में परिवार को कमरे में बंद कर लाखाें की चोरी


गहने, नकदी और पासपोर्ट लेकर फरार

रेवाड़ी, 18 जुलाई (हि.स.)। जिले के रसूली गांव में शुक्रवार रात चोरों ने एक ट्रांसपोर्टर के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के गहने, नकदी और जरूरी दस्तावेज चोरी कर लिए। वारदात के दौरान चोरों ने खिड़की की ग्रिल उखाड़कर घर में प्रवेश किया और जिस कमरे में परिवार सो रहा था, उसे बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया। इसके बाद बदमाश आराम से घर की अलमारी और लॉकर खंगालकर फरार हो गए।

पीड़ित ट्रांसपोर्टर आकाश यादव ने सदर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार रात वह परिवार के साथ एक कमरे में सो रहे थे। घर के सभी दरवाजे अंदर से बंद थे। देर रात अज्ञात चोर गली की ओर लगी खिड़की की ग्रिल उखाड़कर मकान में घुस आए। उन्होंने पहले परिवार वाले कमरे को बाहर से बंद कर दिया, ताकि कोई जागकर विरोध न कर सके।

सुबह जब परिवार की आंख खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद मिला। इसके बाद पड़ोसियों को फोन कर बुलाया गया, जिन्होंने ताला खुलवाया। बाहर निकलकर देखा तो घर का सामान बिखरा पड़ा था। अलमारी, संदूक और लॉकर खुले हुए थे। जांच करने पर करीब 10 लाख रुपये से अधिक के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी, पासपोर्ट और लॉकर की चाबी गायब मिली।

घटना की सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास से साक्ष्य जुटाने के साथ अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story