रेवाड़ी में मजदूर ने ट्रेन के आगे कूदकर दी जान

WhatsApp Channel Join Now

मानसिक तनाव की आशंका, जीआरपी ने पोस्टमार्टम के बाद शुरू की मामले की विस्तृत जांच

रेवाड़ी, 12 जुलाई (हि.स.)। जिले में शनिवार रात एक दर्दनाक घटना में एक व्यक्ति ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। हादसा पाल्हावास और माछरौली रेलवे स्टेशन के बीच उस समय हुआ, जब रोहतक से रेवाड़ी आ रही पैसेंजर ट्रेन वहां से गुजर रही थी। मृतक की पहचान गांव गादला निवासी 38 वर्षीय सोमवीर के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।

जीआरपी थाना के एसआई कृष्ण ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव की पहचान होने के बाद परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद वे भी मौके पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सोमवीर मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। वह अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियों और एक बेटे को छोड़ गया है। पुलिस के अनुसार वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान बताया जा रहा था, हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है।

पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जीआरपी का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story