रेवाड़ी: धारूहेड़ा की जिंदल कंपनी में लगी भीषण आग

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: धारूहेड़ा की जिंदल कंपनी में लगी भीषण आग


रेवाड़ी: धारूहेड़ा की जिंदल कंपनी में लगी भीषण आग


फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियों ने एक घंटे में पाया काबू, शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका

रेवाड़ी, 14 जून (हि.स.)। धारूहेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया स्थित जिंदल कंपनी में रविवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में कंपनी की दोनों मंजिलें इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, लेकिन कंपनी की मशीनें तथा तैयार और कच्चा माल जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, जिंदल कंपनी में दोपहिया वाहनों के लिए शॉकर (शॉक एब्जॉर्बर) बनाए जाते हैं। रविवार सुबह कंपनी के ग्राउंड फ्लोर पर अचानक आग लग गई। उस समय कंपनी में कर्मचारी कार्य कर रहे थे। आग लगते ही कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई और सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और दूसरी मंजिल तक पहुंच गई। आग की लपटों ने ग्राउंड फ्लोर पर लगी मशीनों को अपनी चपेट में ले लिया, जबकि दूसरी मंजिल पर रखा तैयार और कच्चा माल भी जल गया। कर्मचारियों की सतर्कता के कारण सभी लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। सहायक फायर ऑफिसर संजय कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पांच दमकल वाहनों को मौके पर भेजा गया। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए करीब एक घंटे में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इसके बाद कूलिंग का कार्य भी किया गया ताकि दोबारा आग न भड़क सके। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story