रेवाड़ी में सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर जेई कुशल यादव निलंबित
रेवाड़ी, 03 नवंबर (हि.स.)। शहर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर नगर परिषद के जूनियर इंजीनियर (जेई) कुशल यादव को निलंबित कर दिया गया है। हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग ने जिले के प्रशासनिक सचिव अशोक कुमार मीणा के निर्देशों की अनुपालना में निलंबन के आदेश जारी किए हैं। इसके साथ ही जिला नगर आयुक्त को जेई के खिलाफ नियमानुसार आरोप पत्र का मसौदा तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
उपायुक्त अभिषेक मीणा ने मंगलवार को बताया कि हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग के आयुक्त एवं सचिव तथा जिले के प्रशासनिक सचिव अशोक कुमार मीणा ने हाल ही में रेवाड़ी लघु सचिवालय में जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की गई थी।
इस दौरान प्रशासनिक सचिव ने शहर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त नहीं मिलने पर नाराजगी जताई थी। उन्होंने नगर परिषद की कार्यप्रणाली में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों को व्यवस्था में सुधार करने के निर्देश दिए थे। साथ ही सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी संभाल रहे जेई कुशल यादव को निलंबित करने के आदेश दिए थे।
उपायुक्त ने बताया कि प्रशासनिक सचिव के निर्देशों के बाद हरियाणा स्थानीय निकाय विभाग की ओर से जेई के निलंबन के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके अलावा जिला नगर आयुक्त रेवाड़ी को संबंधित नियमों के तहत जेई के विरुद्ध आरोप पत्र का मसौदा तैयार कर प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
उन्होंने बताया कि आरोप पत्र तैयार होने के बाद नियमानुसार आगे की विभागीय कार्रवाई की जाएगी। शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और लापरवाही पर जवाबदेही तय करने के लिए प्रशासन की ओर से कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

