रेवाड़ी जेल के अधीक्षक सुरेंद्र दलाल निलंबित

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी जेल के अधीक्षक सुरेंद्र दलाल निलंबित


दो कैदियों के जेल से फरार होने के मामले में जांच के बाद कार्रवाई

रेवाड़ी, 06 जून (हि.स.)। रेवाड़ी की जिला जेल के सुपरिंटेंडेंट सुरेंद्र दलाल को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। उनकी जगह रेशम सिंह को जेल का नया सुपरिंटेंडेंट नियुक्त किया गया है। रेशम सिंह ने शनिवार को अपना कार्यभार संभाल लिया। यह कार्रवाई मार्च माह में जेल से दो कैदियों के फरार होने की घटना की जांच के बाद की गई है।

जानकारी के अनुसार 28 मार्च को रेवाड़ी की हाईटेक जिला जेल से दो कैदी करीब 25 फीट ऊंची दीवार फांदकर फरार हो गए थे। घटना के बाद जेल प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठे थे। हालांकि पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों फरार कैदियों को बाद में गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन जेल की सुरक्षा में हुई चूक को उच्च अधिकारियों ने बेहद गंभीरता से लिया। घटना के तुरंत बाद जेल महानिदेशक (डीजी जेल) ने मामले की प्रारंभिक जांच करवाई थी। जांच में सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आने पर पांच हेड वार्डर और दो वार्डर समेत कुल सात जेल कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया था। उसी दौरान तत्कालीन सुपरिंटेंडेंट सुरेंद्र दलाल की कार्यशैली और जिम्मेदारी को लेकर भी अलग से जांच के आदेश दिए गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story