रेवाड़ी जेल में बंद साइबर ठगी के विचाराधीन कैदी की मौत
सीने में दर्द उठने पर ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारण का खुलासा
रेवाड़ी, 27 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी जिला जेल में साइबर ठगी के मामले में बंद एक विचाराधीन कैदी की सोमवार सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। मृतक की पहचान महाराष्ट्र के मुंबई निवासी राहुल के रूप में हुई है। वह एक आईएएस अधिकारी से करीब 10 लाख रुपये की साइबर ठगी के आरोप में न्यायिक हिरासत के तहत रेवाड़ी जेल में बंद था।
घटना के बाद जेल प्रशासन और पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार सोमवार सुबह राहुल ने सीने में तेज दर्द की शिकायत की। उसकी हालत बिगड़ने पर जेल प्रशासन ने तत्काल उसे उपचार के लिए शहर के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण हृदयाघात (हार्ट अटैक) माना जा रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। बताया जा रहा है कि राहुल के खिलाफ एक आईएएस अधिकारी के साथ करीब 10 लाख रुपये की साइबर ठगी करने का मामला दर्ज था। जांच के दौरान उसकी गिरफ्तारी हुई थी और अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक हिरासत में रेवाड़ी जेल भेजा गया था। पुलिस और जेल प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

