रेवाड़ी जीआरपी ने ट्रेन में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, लाखों का माल बरामद

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी जीआरपी ने ट्रेन में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, लाखों का माल बरामद


तीन आरोपी गिरफ्तार, चोरी का सामान खरीदने वाला सुनार भी दबोचा, कई राज्यों में दर्ज हैं दर्जनों केस

रेवाड़ी, 04 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में जीआरपी पुलिस ने ट्रेन में यात्रियों का सामान चोरी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में चोरी का सामान खरीदने वाला सुनार भी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 लाख रुपये के जेवरात और नकदी बरामद की है।

शनिवार को जीआरपी डीएसपी राजेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान उनसे अन्य वारदातों और गिरोह से जुड़े नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिंसपाल पहले सब्जी की रेहड़ी लगाता था। एक बार उसने चोरी का मोबाइल तीन हजार रुपये में खरीदा और उसे सात हजार रुपये में बेच दिया। इसके बाद वह लगातार चोरी की घटनाओं में शामिल होता गया। पकड़े जाने पर वह जेल भी गया, लेकिन बाहर आने के बाद उसने फिर से चोरी शुरू कर दी और ट्रेनों को अपना निशाना बनाया। वहीं दूसरा आरोपी रमेश त्यागी पेशे से वेल्डर था।

दिल्ली से अंबाला के बीच यात्रा के दौरान उसकी मुलाकात प्रिंसपाल से हुई, जिसके बाद वह भी इस गिरोह से जुड़ गया। दोनों मिलकर ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी करते थे। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी चोरी किए गए जेवरात उत्तर प्रदेश के कालिया गढ़ी निवासी सुनार विश्वास गौतम को बेचते थे। इस आधार पर पुलिस ने सुनार को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रिंसपाल के खिलाफ गाजियाबाद, मेरठ और अंबाला जीआरपी थानों में पहले से 21 मामले दर्ज हैं। रेवाड़ी में भी उसके खिलाफ एक ही दिन में दो मामले दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और वारदातों का खुलासा करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story