रेवाड़ी में अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार


रेवाड़ी, 05 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर कुंड चौकी पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 72 बोतल अवैध शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान चरखी दादरी जिले के गांव कदमा निवासी अमन के रूप में हुई है।

रविवार को जांच अधिकारी एएसआई कुलदीप ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति नारनौल की ओर से बाइक पर अवैध शराब लेकर रेवाड़ी की तरफ आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नांधा मोड़ पर नाका लगाया। कुछ ही देर में संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया और उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से छह पेटी अवैध शराब बरामद हुई, जिसमें 48 बोतल अंग्रेजी शराब और 24 बोतल देसी शराब शामिल हैं। कुल 72 बोतल शराब को पुलिस ने जब्त कर लिया।

इसके साथ ही पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है। जब्त की गई शराब की कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह शराब कहां से लाता था और किन.किन स्थानों पर इसकी सप्लाई करता था।

पुलिस के अनुसार आरोपी अमन पहले भी नारनौल पुलिस द्वारा अवैध शराब के मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है। रेवाड़ी पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब और नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story