रेवाड़ी में दुकान से 41.745 किलो अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद, आरोपी गिरफ्तार
रेवाड़ी, 03 नवंबर (हि.स.)। जिले के कोसली में नाहड़ रोड पर बंद पड़े पेट्रोल पंप के पास एक दुकान से मंगलवार काे पुलिस ने 41 किलो 745 ग्राम अवैध विस्फोटक सामग्री बरामद की है। पुलिस ने मौके से दुकान पर मौजूद जिला चरखी दादरी के गांव फतेहगढ़ निवासी नरेश कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोपी फिलहाल कोसली की सैनिक कॉलोनी में रह रहा था। पुलिस ने उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है।
थाना कोसली के एएसआई नसीब ने मंगलवार को बताया कि दाे नवंबर को पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नाहड़ रोड पर बंद पड़े पेट्रोल पंप के नजदीक एक दुकान में अवैध रूप से विस्फोटक सामग्री रखकर बेची जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी।
दुकान पर मौजूद व्यक्ति को काबू कर पूछताछ की गई तो उसकी पहचान नरेश कुमार निवासी गांव फतेहगढ़, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई। वह वर्तमान में मोहल्ला सैनिक कॉलोनी, कोसली में रह रहा था। पुलिस टीम ने दुकान और परिसर की तलाशी ली तो वहां से पोटाश और गंधक बरामद हुए। दोनों सामग्रियों का कुल वजन 41 किलो 745 ग्राम पाया गया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी दुकान में रखी सामग्री के भंडारण और बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री कहां से लेकर आया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस मामले में उसके साथ कोई अन्य व्यक्ति शामिल तो नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

