रेवाड़ी में बेटी के बाद पिता ने भी तोड़ा दम, आईजीएल कर्मचारियों पर केस दर्ज
रेवाड़ी, 11 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी शहर के हंस नगर में गैस विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे पूर्व सैनिक सतबीर चौहान की शनिवार को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे पहले उनकी बेटी तन्नु ने नाै जुलाई की शाम इलाज के दौरान दम तोड़ दिया था। इस हादसे में अब मृतकों की संख्या दो हो गई है। मामले में मॉडल टाउन थाना पुलिस ने इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) के कर्मचारियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पत्नी मधु ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि हादसे के समय वह रसोई में बर्तन रखने गई थीं। तभी जोरदार धमाका हुआ। बाहर आकर देखा तो पूरा घर आग का गोला बन चुका था। विस्फोट में उनकी बेटी तन्नु, पति सतबीर चौहान, दो वर्षीय भतीजी और पड़ोसी जयभगवान गंभीर रूप से झुलस गए। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आईजीएल की टेस्टिंग के दौरान पाइप लाइन खुली रहने से गैस जमा हो गई, जिससे यह हादसा हुआ।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में भी गैस रिसाव को हादसे की वजह माना गया था। हालांकि आईजीएल की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज होने के बाद जांच ने नया मोड़ ले लिया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को सतबीर चौहान के पैतृक गांव टांकड़ी में उनकी बेटी तन्नु का अंतिम संस्कार किया गया था। चिकित्सकों के अनुसार तन्नु करीब 90 प्रतिशत झुलस गई थी। सतबीर चौहान लगभग 70 प्रतिशत, पड़ोसी जयभगवान 60 प्रतिशत तथा दो वर्षीय बच्ची 50 प्रतिशत से अधिक झुलस गई थी।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

