रेवाड़ी में फैक्ट्री अग्निकांड पर मानवाधिकार आयोग सख्त, मांगी रिपोर्ट

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में फैक्ट्री अग्निकांड पर मानवाधिकार आयोग सख्त, मांगी रिपोर्ट


रेवाड़ी, 24 नवंबर (हि.स.)। जिले के औद्योगिक क्षेत्र बावल में फैक्ट्री में आग लगने से चार श्रमिकों की मौत और धारूहेड़ा में बैटरी ब्लास्ट से हुए नुकसान के मामले में जिला प्रशासन और फायर विभाग ने अब तक हरियाणा मानवाधिकार आयोग को अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है। 12 अगस्त के आदेश के बावजूद रिपोर्ट जमा नहीं होने पर आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति ललित बत्रा ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने उपायुक्त रेवाड़ी और फायर स्टेशन अधिकारी को अगली सुनवाई से कम से कम एक सप्ताह पहले रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए हैं।

आयोग ने यह कार्रवाई गांव खरखड़ा निवासी सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश खरखड़ा की शिकायत पर की है। उन्होंने बावल और धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्रों में हुई आगजनी की घटनाओं को उठाते हुए फैक्ट्रियों में श्रमिकों की सुरक्षा, अग्निशमन इंतजाम और हादसों के बाद विभागों की जवाबदेही तय करने की मांग की थी। शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आयोग ने संबंधित विभागों से रिपोर्ट मांगी थी।

दरअसल, 19 मई 2026 को आईएमटी बावल के सेक्टर-पांच स्थित एमएस जीएलएस स्पेशियलिटी केमिकल्स प्राइवेट लिमिटेड में भीषण आग लग गई थी। इस हादसे में चार श्रमिकों की मौत हो गई थी, जबकि चार अन्य घायल हुए थे। गंभीर हादसे के बावजूद जिला प्रशासन और फायर विभाग की ओर से आयोग को रिपोर्ट नहीं दी गई।

वहीं, पुलिस अधीक्षक रेवाड़ी ने 30 अक्टूबर को आयोग को सौंपी रिपोर्ट में बताया कि बावल थाने में हादसे के संबंध में एफआईआर दर्ज की गई हैं और तीन मामलों की जांच जारी है। आयोग ने एसपी को जांच में तेजी लाने और अगली सुनवाई से एक सप्ताह पहले कार्रवाई रिपोर्ट देने के निर्देश भी दिए हैं। आयोग ने मामले की अगली सुनवाई 17 मार्च 2027 को निर्धारित की है। रिपोर्ट लंबित रहने पर औद्योगिक क्षेत्रों में श्रमिकों की सुरक्षा और हादसों के बाद विभागीय जवाबदेही को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782376 Articles

Share this story