रेवाड़ी में झुग्गी बस्ती में भीषण आग, गैस सिलेंडरों के धमाकों से मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में झुग्गी बस्ती में भीषण आग, गैस सिलेंडरों के धमाकों से मचा हड़कंप


कोनसीवास रोड क्षेत्र में कई झुग्गियां जलकर खाक, दमकल की टीमों ने काबू पाया, जनहानि की खबर नहीं

रेवाड़ी, 19 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी के कोनसीवास रोड स्थित झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्र में रविवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई झुग्गियां इसकी चपेट में आ गईं। तेज हवा के कारण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

आग लगने के बाद झुग्गियों में रखे छोटे गैस सिलेंडरों के फटने से जोरदार धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज सुनकर पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर.उधर भागने लगे। आग की लपटें इतनी ऊंची उठ रही थीं कि दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई दे रहा था। घटना के दौरान कई लोग अपने घरों से जरूरी सामान निकालने की कोशिश करते नजर आए, लेकिन आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि अधिकांश परिवारों का घरेलू सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। देखते ही देखते वर्षों की जमा पूंजी आग की भेंट चढ़ गई, जिससे प्रभावित परिवारों के सामने अब बड़ा संकट खड़ा हो गया है।

सूचना मिलते ही शहर थाना और मॉडल टाउन थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई और हालात को संभालने में जुट गई। साथ ही बावल और रेवाड़ी से दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के बाद एंबुलेंस भी मौके पर बुलाई गई, हालांकि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी जनहानि की खबर नहीं है। राहत और बचाव कार्य देर तक जारी रहा। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story