रेवाड़ी में तेज बारिश से मकान ढहा, महिला और मासूम घायल

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में तेज बारिश से मकान ढहा, महिला और मासूम घायल


हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, निजी अस्पताल में दोनों का उपचार जारी

रेवाड़ी, 06 अगस्त (हि.स.)। जिले के गांव कुहारड़ में बुधवार शाम हुई तेज बारिश के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। लगातार हुई वर्षा के कारण एक कच्चा मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में मकान के अंदर मौजूद एक महिला और करीब सात वर्षीय बच्चा मलबे के नीचे दब गए। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें मलबे से बाहर निकालकर तुरंत रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार गांव कुहारड़ निवासी ओमप्रकाश का मकान बुधवार शाम तेज बारिश के दौरान अचानक ढह गया। मकान गिरने के साथ ही उसके साथ सटे ईश्वर के मकान की दीवार भी क्षतिग्रस्त होकर गिर गई। हादसे के समय ओमप्रकाश की पुत्रवधू और करीब सात वर्षीय बच्चा मकान के अंदर मौजूद थे, जो मलबे में दब गए।

मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उन्हें बिना देर किए रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।

गांव के सरपंच रणबीर ने बताया कि बुधवार शाम हुई तेज बारिश के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि मलबे में दबने से महिला और बच्चा घायल हुए हैं। प्रशासन को घटना की सूचना दे दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story