रेवाड़ी में नशे के खिलाफ दौड़ा युवाओं का सैलाब

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में नशे के खिलाफ दौड़ा युवाओं का सैलाब


-सीएम नायब सिंह सैनी ने राव तुलाराम स्टेडियम से हरी झंडी दिखाकर हाफ मैराथन को किया रवाना

-करीब एक लाख युवाओं ने लिया नशामुक्ति का संकल्प

रेवाड़ी, 06 सितंबर (हि.स.)। नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश देने के उद्देश्य से रविवार सुबह रेवाड़ी में हाफ मैराथन का आयोजन किया गया। राव तुलाराम स्टेडियम से मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने हरी झंडी दिखाकर मैराथन को रवाना किया। मैराथन में युवाओं का जोश देखते ही बना। शहर में जगह-जगह युवाओं ने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया।

आयोजन में करीब एक लाख युवाओं ने भाग लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता दिखाई। मैराथन में शामिल प्रतिभागियों ने नशा न करने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया। इस दौरान पूरे शहर में नशा विरोधी संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशा किसी भी समाज की सभ्यता और संस्कृति को नष्ट कर सकता है। इसके दुष्प्रभाव केवल नशा करने वाले व्यक्ति तक सीमित नहीं रहते, बल्कि पूरा परिवार और समाज प्रभावित होता है। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ केवल जागरूक होना पर्याप्त नहीं है। इसे जड़ से खत्म करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को मिलकर सामूहिक प्रयास करने होंगे। मुख्यमंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ें। उन्होंने कहा कि युवा देश और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत हैं। यदि युवा स्वस्थ और नशामुक्त रहेंगे तो समाज भी मजबूत बनेगा। मैराथन कार्यक्रम में विधायक लक्ष्मण यादव, विधायक कृष्ण कुमार और विधायक अनिल यादव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और युवा मौजूद रहे। आयोजन के दौरान युवाओं में नशामुक्त समाज बनाने को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story