रेवाड़ी: प्रसाद खाने से तीन बच्चियां बीमार, जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: प्रसाद खाने से तीन बच्चियां बीमार, जांच शुरू


रेवाड़ी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव तिहाड़ा में सोमवार को नवरात्र पर आयोजित कन्या पूजन के दौरान प्रसाद खाने से तीन बच्चियों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चियों को चक्कर आने के साथ लगातार उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकों के उपचार के बाद फिलहाल तीनों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। घटना के बाद प्रसाद बनाने में इस्तेमाल किए गए देसी घी की गुणवत्ता पर सवाल उठे हैं।

जानकारी के अनुसार, मूल रूप से रोहतक जिले के गांव खेड़ारी निवासी सतीश फिलहाल तिहाड़ा में रहकर मजदूरी करता है। उसने सोमवार को नवरात्र के उपलक्ष्य में आसपास की कन्याओं को बुलाकर भोज कराया था। प्रसाद खाने के कुछ ही देर बाद सतीश की छह वर्षीय बेटी लीला, पड़ोस की 12 वर्षीय सानिया और डेढ़ वर्षीय साबया की तबीयत बिगड़ गई। तीनों को उल्टियां और चक्कर आने लगे, जिसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, प्रसाद बनाने के लिए बावल के बाजार से आधा किलो देसी घी खरीदा गया था। बच्चियों की तबीयत बिगड़ने पर परिवार ने घी के नकली या मिलावटी होने की आशंका जताई। सतीश का आरोप है कि वह बचा हुआ घी लेकर बावल में संबंधित दुकानदार के पास शिकायत करने पहुंचा तो दुकानदार ने उसे धमकाकर वापस भगा दिया। इसके बाद सतीश ने बावल थाना पुलिस को लिखित शिकायत दी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए बावल थाना प्रभारी शिकायतकर्ता को साथ लेकर संबंधित दुकान पर पहुंचे। पुलिस ने खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया। अब घी के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट से घी की गुणवत्ता स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस मामले की जांच कर रही है। फिलहाल बच्चियों की तबीयत बिगड़ने का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763454 Articles

Share this story