रेवाड़ी में फर्जी इकरारनामा बनाकर 12 लाख ठगने वाला गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में फर्जी इकरारनामा बनाकर 12 लाख ठगने वाला गिरफ्तार


आरोपी कई मामलों में वांछित

रेवाड़ी, 20 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी की बावल थाना पुलिस ने जमीन का फर्जी इकरारनामा तैयार कर लोगों से लाखों रुपये की ठगी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुबासेड़ी निवासी कबूल के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने खुद को जमीन का मालिक बताकर लोगों से करीब 10 से 12 लाख रुपये लिए और बाद में जमीन देने से इनकार कर दिया।

बावल थाना प्रभारी रणबीर ने रविवार को बताया कि आरोपी कबूल पिछले करीब एक साल से पुलिस की गिरफ्त से बचता घूम रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार करने के बाद पूछताछ की और कोर्ट में पेश किया है। पुलिस जांच में आरोपी के खिलाफ पांच-छह मामलों में वांछित होने की जानकारी सामने आई है।

थाना प्रभारी के अनुसार आरोपी के खिलाफ दर्ज मामलों में कुछ बावल थाना क्षेत्र से संबंधित हैं, जबकि एक मामला कोटकासिम कोर्ट में दर्ज बताया गया है। पुलिस के मुताबिक एक मामले में आरोपी को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है, जबकि एक अन्य मामले में उसे सजा भी हो चुकी है।

पुलिस जांच में सामने आया कि कबूल जिस जमीन को बेचने का सौदा कर रहा था, वह वास्तव में उसकी मालिकाना जमीन नहीं थी। आरोप है कि उसने खुद को जमीन का मालिक बताकर लोगों को जमीन बेचने का झांसा दिया। इसके बाद वास्तविक जमीन मालिक की जमीन से संबंधित फर्जी इकरारनामा तैयार कर लोगों को सौंपा और उनसे लाखों रुपये ले लिए।

ठगी का शिकार हुए लोगों ने बाद में उक्त जमीन को आगे बेचने का प्रयास किया। इसी दौरान फर्जीवाड़े का मामला सामने आया और पुलिस तक शिकायत पहुंची। पुलिस के अनुसार अब तक की जांच में फर्जी इकरारनामा तैयार कर रुपये लेने और बाद में फरार होने में कबूल की मुख्य भूमिका सामने आई है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story