रेवाड़ी में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखाें की ठगी, आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखाें की ठगी, आरोपी गिरफ्तार


रेवाड़ी, 22 नवंबर (हि.स.)। ऑनलाइन ट्रेडिंग में मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर धारूहेड़ा निवासी एक व्यक्ति से तीन लाख 50 हजार रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान उत्तराखंड के उधमसिंह नगर जिले के अमन के रूप में हुई है।

आरोपी ने कमीशन के लालच में अपने साथी का बैंक खाता साइबर ठगों तक पहुंचाने में मध्यस्थ की भूमिका निभाई थी। पुलिस इस मामले में एक आरोपी को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि धारूहेड़ा के वार्ड नंबर-सात स्थित भूप कृषि फार्म के पास रहने वाले मनोज कुमार ने साइबर थाना में शिकायत दी थी कि 24 अगस्त 2025 को उनकी फेसबुक आईडी पर एक मैसेज आया था।

मैसेज भेजने वाले ने खुद को एक ट्रेनिंग कंपनी का सीनियर मैनेजर बताया। इसके बाद वीडियो कॉल के जरिए बातचीत कर उन्हें ऑनलाइन ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा कमाने का भरोसा दिलाया गया।

आरोपियों के झांसे में आकर मनोज कुमार ने बताए गए बैंक खाते में अपने फाइनेंस बैंक खाते से तीन लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद उनके ट्रेडिंग खाते में चार लाख 29 हजार 600 रुपये का बैलेंस दिखाई देने लगा। जब उन्होंने यह रकम निकालने का प्रयास किया तो निकासी नहीं हो सकी। इसके बाद उन्हें ठगी का पता चला और उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने जांच के दौरान उत्तराखंड के जसपुर निवासी मोहम्मद शुऐब को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ठगी की रकम में से एक लाख रुपये बरामद किए थे। अब इसी मामले में अमन को भी गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया कि अमन ने कमीशन लेकर मोहम्मद शुऐब का बैंक खाता साइबर ठगों तक पहुंचाने में मध्यस्थता की थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781396 Articles

Share this story