रेवाड़ी: खाटूश्याम के लिए रेवाड़ी होकर चलेंगी चार स्पेशल ट्रेनें
दिल्ली, हिसार और रेवाड़ी से रींगस के लिए मिलेगी अतिरिक्त रेल सुविधा
रेवाड़ी, 17 नवंबर (हि.स.)। देवउठनी एकादशी पर खाटूश्यामजी जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे ने रेवाड़ी होकर रींगस के बीच चार विशेष रेल सेवाएं चलाने का निर्णय लिया है। इनमें दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस, हिसार-रींगस और रेवाड़ी-रींगस के बीच विशेष ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली-रेवाड़ी पैसेंजर ट्रेन का रींगस तक विस्तार किया जाएगा। इससे रेवाड़ी, नारनौल, कोसली, जाटूसाना, गुड़गांव और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को लाभ मिलेगा।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने मंगलवार काे बताया कि गाड़ी संख्या 04472 दिल्ली सराय रोहिल्ला-रींगस अनारक्षित स्पेशल 18 से 21 नवंबर तक चलेगी। यह दिल्ली से शाम 7:10 बजे रवाना होकर रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में गाड़ी संख्या 04471 रींगस-दिल्ली स्पेशल 19 से 22 नवंबर तक चलेगी। यह रात दाे बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 74001 दिल्ली-रेवाड़ी रेलसेवा को 19 और 20 नवंबर को रींगस तक विस्तारित किया जाएगा। वापसी में 74002 रींगस-दिल्ली रेलसेवा 20 और 21 नवंबर को संचालित होगी। इसी प्रकार गाड़ी संख्या 04747 हिसार-रींगस स्पेशल 19 से 21 नवंबर तक चलेगी। यह हिसार से सुबह 9:55 बजे रवाना होकर शाम 4:30 बजे रींगस पहुंचेगी। वापसी में 04748 रींगस-हिसार स्पेशल शाम 5:50 बजे रवाना होगी। वहीं, गाड़ी संख्या 09637 रेवाड़ी-रींगस एक्सप्रेस स्पेशल 19 और 20 नवंबर को सुबह 11 बजे रवाना होकर दोपहर 2:20 बजे पहुंचेगी। वापसी में 09638 दोपहर 2:55 बजे रींगस से चलकर शाम 6:20 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। रेलवे ने जयपुर-भिवानी और मदार-रोहतक रेलसेवाओं में भी 17 से 23 नवंबर तक अतिरिक्त डिब्बे लगाने का निर्णय लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

