रेवाड़ी में पूर्व मंत्री के घर के बाहर से स्कॉर्पियो चोरी, रेकी कर वारदात को दिया अंजाम

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में पूर्व मंत्री के घर के बाहर से स्कॉर्पियो चोरी, रेकी कर वारदात को दिया अंजाम


रेवाड़ी में पूर्व मंत्री के घर के बाहर से स्कॉर्पियो चोरी, रेकी कर वारदात को दिया अंजाम


-सीसीटीवी में कैद हुई घटना, शीशा तोड़कर ले गए नई गाड़ी, पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं

रेवाड़ी, 29 मार्च (हि.स.)। रेवाड़ी शहर के पॉश सेक्टर-तीन इलाके में पूर्व मंत्री जसवंत सिंह बावल के घर के बाहर खड़ी नई स्कॉर्पियो कार चोरी होने का मामला सामने आया है। चोरों ने शनिवार देर रात पूरी प्लानिंग के साथ वारदात को अंजाम दिया, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पुलिस के अनुसार, जसवंत सिंह ने करीब 10 महीने पहले काले रंग की स्कॉर्पियो (एचआर 36एटी 8598) खरीदी थी, जिसे वे अपने घर के बाहर खड़ा करते थे। घटना वाली रात उनके घर के बाहर काले और सफेद रंग की दो स्कॉर्पियो गाड़ियां खड़ी थीं। चोरों ने इनमें से नई काले रंग की स्कॉर्पियो को निशाना बनाया। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया कि एक संदिग्ध कार पहले घर के बाहर से गुजरती है और कुछ देर बाद वापस आकर इलाके में दोबारा चक्कर लगाती है। इसके बाद उसी कार से एक व्यक्ति उतरता है, स्कॉर्पियो का शीशा तोड़ता है और कुछ ही मिनटों में गाड़ी लेकर फरार हो जाता है।

रविवार सुबह जब जसवंत सिंह को गाड़ी चोरी होने का पता चला तो उन्होंने तुरंत सीसीटीवी फुटेज खंगाली और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

सेक्टर-तीन चौकी इंचार्ज एसआई राकेश कुमार ने बताया कि चोरी की शिकायत दर्ज कर ली गई है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बिना नंबर प्लेट की एल्ट्रोज कार में सवार होकर आए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए रेवाड़ी, मॉडल टाउन थाना पुलिस और चौकी टीम संयुक्त रूप से आरोपियों की तलाश में जुटी हुई हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि जसवंत सिंह बावल विधानसभा क्षेत्र से 1996 में हरियाणा विकास पार्टी के टिकट पर चुनाव जीतकर कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और प्रदेश की राजनीति में उनका अहम स्थान रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story