रेवाड़ीः कांग्रेस में अंदरूनी कलह चरम पर, कभी भी फट सकता है असंतोष का ज्वालामुखी : कैप्टन अभिमन्यु

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ीः कांग्रेस में अंदरूनी कलह चरम पर, कभी भी फट सकता है असंतोष का ज्वालामुखी : कैप्टन अभिमन्यु


रेवाड़ी, 18 मार्च (हि.स.)। भाजपा नेता एवं पूर्व मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव ने कांग्रेस के अंदरूनी हालात को पूरी तरह उजागर कर दिया है और पार्टी के भीतर असंतोष का ‘ज्वालामुखी’ तैयार हो चुका है, जो कभी भी फट सकता है।

कैप्टन अभिमन्यु बुधवार को रेवाड़ी स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक लेने पहुंचे थे। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब एक संगठित राजनीतिक दल नहीं रही, बल्कि कुछ लोगों का एक समूह बनकर रह गई है, जो केवल सत्ता हासिल करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में शामिल नेता सत्ता पाने के बाद परिवारवाद और जातिवाद को बढ़ावा देने की सोच रखते हैं। उनके अनुसार, पार्टी के अंदर विचारधारा और संगठनात्मक मजबूती की जगह व्यक्तिगत स्वार्थ हावी हो चुके हैं। यही कारण है कि कांग्रेस लगातार कमजोर होती जा रही है और जनता का विश्वास खोती जा रही है। भाजपा नेता ने कहा कि राज्यसभा चुनाव के दौरान जो घटनाक्रम सामने आया, उसने यह स्पष्ट कर दिया है कि कांग्रेस में अंदरूनी एकता नहीं है। पार्टी के नेता आपसी खींचतान में उलझे हुए हैं, जिससे संगठन पर नकारात्मक प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने भाजपा की नीतियों और कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा एक मजबूत और अनुशासित संगठन है, जो विकास और जनकल्याण के एजेंडे पर काम कर रही है। वहीं, कांग्रेस केवल सत्ता के लिए राजनीति कर रही है, जिसका जनता अब जवाब देने के लिए तैयार है। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story