रेवाड़ी में दीपावली की रात 13 जगहों पर लगी आग, लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now

रेवाड़ी, 09 नवंबर (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में दीपावली की रात आगजनी की 13 घटनाएं हुईं। कहीं कड़बी के ढेर आग की भेंट चढ़ गए तो कहीं दुकानों और प्रतिष्ठानों में आग लग गई। रातभर दमकल विभाग की गाड़ियां आग बुझाने के लिए एक स्थान से दूसरे स्थान पर दौड़ती रहीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी जगह आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि किसी भी घटना में जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई स्थानों पर लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान है।

इस बार शहरी क्षेत्र की अपेक्षा ग्रामीण इलाकों में आगजनी की घटनाएं अधिक सामने आईं। गांवों में सबसे ज्यादा आग कड़बी के ढेरों में लगी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पटाखों से निकली चिंगारी के कारण कड़बी में आग लगी। ग्रामीणों ने पहले अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलने पर दमकल विभाग को सूचना देनी पड़ी।दीपावली को देखते हुए दमकल विभाग पहले से ही अलर्ट मोड पर था। जिले के सभी फायर स्टेशनों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। दमकल गाड़ियों में पानी भरकर रखा गया था, ताकि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच सके। शाम होते ही आग लगने की सूचनाएं मिलने का सिलसिला शुरू हो गया। कई बार एक साथ दो स्थानों से आग लगने की सूचना मिलने पर कर्मचारियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।गांव पदैयावास में एकत्रित करके रखी गई कड़बी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास रखे कड़बी के अन्य ढेरों को भी अपनी चपेट में ले लिया। ग्रामीणों और दमकल कर्मियों ने मिलकर काफी प्रयासों के बाद आग बुझाई। वहीं, गांव नंदरामपुर बास में कचरे के ढेर में आग लगने से आसपास का वातावरण प्रदूषित हुआ।इसके अलावा कुछ दुकानों और प्रतिष्ठानों में भी आग लगने की घटनाएं हुईं। समय रहते आग पर काबू पा लेने से बड़ा हादसा टल गया। दमकल अधिकारियों के अनुसार सभी 13 घटनाओं में आग बुझा दी गई। नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774432 Articles

Share this story