रेवाड़ी में कूड़ा डालने पर एचएसवीपी पर 50 हजार का जुर्माना

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में कूड़ा डालने पर एचएसवीपी पर 50 हजार का जुर्माना


रेवाड़ी, 29 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी में जिला सचिवालय के पास हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) के खाली प्लॉटों में कूड़ा डालने और गोवंश के पॉलीथिन खाने के मामले में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने कार्रवाई की है। बोर्ड ने एचएसवीपी के संपदा अधिकारी पर 50 हजार रुपये की पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति लगाते हुए सात दिन के भीतर राशि जमा कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित स्थल से कूड़ा हटाकर सफाई कराने को कहा है।

सामाजिक कार्यकर्ता प्रकाश खरखड़ा ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने 27 अक्टूबर को जिला सचिवालय के नजदीक एचएसवीपी के खाली प्लॉटों में कूड़े के ढेर जमा होने और गायों के पॉलीथिन व अन्य अपशिष्ट खाने का मामला उठाया था। उन्होंने उपायुक्त रेवाड़ी, एचएसवीपी के संपदा अधिकारी, हरियाणा गौ सेवा आयोग और संबंधित विभागों को शिकायत भेजकर कार्रवाई की मांग की थी। शिकायत में कहा गया था कि खुले प्लॉटों में कूड़ा जमा होने से गोवंश के स्वास्थ्य को खतरा है। इससे शहर की सफाई व्यवस्था पर भी सवाल उठते हैं।

शिकायत के आधार पर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय ने 28 अक्टूबर को मौके का निरीक्षण कराया। बोर्ड के नोटिस के अनुसार, निरीक्षण के दौरान स्थल पर ठोस कचरा डालने की गतिविधि पाई गई। इसके बाद एचएसवीपी के संपदा अधिकारी को पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति का नोटिस जारी किया गया। नोटिस की प्रतिलिपि उपायुक्त रेवाड़ी और पंचकूला स्थित बोर्ड मुख्यालय के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सेल के वरिष्ठ पर्यावरण अभियंता को भी भेजी गई है।

बोर्ड ने निर्देश दिए हैं कि सात दिन के भीतर 50 हजार रुपये जमा कराए जाएं। इसके अलावा प्लॉटों से कूड़ा हटाकर सफाई कराई जाए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। निर्देशों की पालना नहीं करने पर आगे कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

768865 Articles

Share this story