रेवाड़ी: फेसबुक पर विज्ञापन देकर बीसीए छात्रा से हजारों ठगे

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: फेसबुक पर विज्ञापन देकर बीसीए छात्रा से हजारों ठगे


रेवाड़ी, 10 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव शाहपुर की एक बीसीए छात्रा साइबर ठगों के जाल में फंस गई। आरोपियों ने फेसबुक पर भैंस बेचने का विज्ञापन देकर छात्रा से 98 हजार रुपये ठग लिए। ठगों ने पहले ट्रांसपोर्ट फीस के नाम पर छह हजार रुपये जमा करवाए और फिर अलग-अलग बहाने बनाकर कई ट्रांजेक्शन के जरिए खाते से 92 हजार रुपये और ट्रांसफर करवा लिए। रकम मिलने के बाद न तो भैंस भेजी और न ही पैसे वापस किए। ठगी का पता चलने पर पीड़िता ने साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि गांव शाहपुर निवासी निशा बीसीए की पढ़ाई कर रही है। उसने शिकायत में बताया कि 27 अक्टूबर को फेसबुक पर भैंस बेचने का एक विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए मोबाइल नंबर पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने भैंस की डिलीवरी के लिए ट्रांसपोर्ट फीस के नाम पर छह हजार रुपये मांगे। इसके लिए उसे एक अन्य मोबाइल नंबर दिया गया।

निशा ने गूगल-पे के माध्यम से दो-दो हजार रुपये की तीन अलग-अलग ट्रांजेक्शन में छह हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद आरोपियों ने उसे एक स्कैनर भेजा और अलग-अलग किस्तों में और रकम जमा करवाने के लिए कहा। आरोपियों के कहने पर छात्रा ने 21 हजार 500, 21 हजार, 500, 16 हजार, 16 हजार और 17 हजार रुपये की ट्रांजेक्शन कर दी।

इस तरह आरोपियों ने कुल 98 हजार रुपये अपने खातों में ट्रांसफर करवा लिए। काफी समय बीतने के बाद भी भैंस की डिलीवरी नहीं हुई तो छात्रा को ठगी का अहसास हुआ। इसके बाद उसने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दी। पुलिस अब मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की जांच कर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

774949 Articles

Share this story