रेवाड़ी: फर्जी आईपीएस बनकर लाखों की ठगी करने का आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

अश्लील वीडियो वायरल करने का डर दिखाकर साइबर ठग ने पीड़ित से ठगे लाखों रुपये

रेवाड़ी, 04 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी साइबर पुलिस ने फर्जी आईपीएस अधिकारी बनकर 19 लाख 76 हजार 600 रुपये की ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी लोगों को फोन कर अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने का डर दिखाता था और केस से बचाने के नाम पर अलग-अलग बैंक खातों में रुपये ट्रांसफर करवाता था। आरोपी की पहचान राजस्थान के भरतपुर जिले के गांव लाडलाका निवासी अजरूद्दीन के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार को बताया कि यादव नगर निवासी बलबीर सिंह ने साइबर पुलिस को शिकायत दी थी। शिकायत में बताया कि सात मई को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को दिल्ली के द्वारका सेक्टर-16 स्थित क्राइम ब्रांच का आईपीएस अधिकारी राठौर बताया। उसने बलबीर सिंह को कहा कि उसका एक अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और इस संबंध में उसके खिलाफ केस दर्ज हो चुका है।

आरोपी ने वीडियो डिलीट करवाने और कानूनी कार्रवाई से बचाने का झांसा देकर पहले उससे 12 हजार एक साै रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर करवाए। इसके बाद ठगों ने उसे लगातार डराकर अपने जाल में फंसाए रखा। अलग-अलग बहाने बनाकर उससे विभिन्न बैंक खातों में कुल 19 लाख 76 हजार 600 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

बाद में पीड़ित को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ तो उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी। साइबर पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू की और लेनदेन तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंची। पुलिस ने आरोपी अजरूद्दीन को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ठगी में शामिल अन्य लोगों और गिरोह के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story