रेवाड़ी: सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की मौत, तीन बेटियां बेसहारा
ड्यूटी से घर लौटते समय वाहन ने मारी टक्कर, आरओबी से नीचे गिरने पर गई जान
रेवाड़ी, 28 जुलाई (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में सैनिक स्कूल के पास सोमवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक पूर्व सैनिक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक हरियाणा पुलिस में ग्रुप-डी कर्मचारी के रूप में कार्यरत था और ड्यूटी पूरी कर घर लौट रहा था। हादसे की सूचना मिलने पर खोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया तथा अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार गांव मामड़िया आसमपुर निवासी 46 वर्षीय मुकेश कुमार भारतीय सेना से वर्ष 2018 में सेवानिवृत्त हुए थे। सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें हरियाणा पुलिस में ग्रुप-डी कर्मचारी के रूप में नियुक्ति मिली थी। करीब आठ माह पहले उन्होंने भौड़सी पुलिस लाइन में अपनी सेवाएं शुरू की थीं।
सोमवार देर रात मुकेश कुमार ड्यूटी खत्म कर रेवाड़ी-नारनौल हाईवे के रास्ते अपने गांव लौट रहे थे। गोठड़ा गांव के पास सैनिक स्कूल के नजदीक बने रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) से वह पैदल गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह आरओबी से नीचे सर्विस रोड पर जा गिरे।
गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग और राहगीर मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और गंभीर रूप से घायल मुकेश को अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मुकेश कुमार अपने पीछे पत्नी और तीन बेटियों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से गांव मामड़िया आसमपुर में शोक की लहर है। वहीं पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि हादसे के जिम्मेदार वाहन और चालक की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

