रेवाड़ी में पूर्व सैनिक को दो माह डिजिटल अरेस्ट कर 1.89 करोड़ रुपये ठगे
संपत्ति व गहने बिकवाकर खाते में करवाई रकम ट्रांसफर
रेवाड़ी, 25 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के धारूहेड़ा क्षेत्र में शनिवार को साइबर अपराध का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक पूर्व सैनिक और उनकी पत्नी को करीब दो माह तक ‘डिजिटल अरेस्ट’ में रखकर एक करोड़ 89 लाख 28 हजार रुपये की ठगी कर ली गई। आरोपियों ने सिंगनल एप के जरिए दंपत्ति पर लगातार नजर रखी और मानसिक दबाव बनाकर उनकी संपत्ति और गहने तक बिकवा दिए।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा घटनाक्रम 27 फरवरी से 20 अप्रैल के बीच चला। साइबर ठगों ने पहले पीड़ित के मोबाइल नंबर पर न्यूड फोटो, वीडियो और ब्लैकमेलिंग संदेश भेजे। इसके बाद उन्हें मनी लॉन्ड्रिंग में शामिल होने की धमकी दी गई। डर और मानसिक दबाव के चलते दंपत्ति को सिंगनल एप डाउनलोड करवाया गया, जिसके माध्यम से ठग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रखते रहे। ठगों ने अलग-अलग बहानों से दंपत्ति को डराकर विभिन्न खातों में रकम ट्रांसफर करवाई। इस दौरान पीड़ितों ने अपनी संपत्ति और गहने बेचकर भी पैसा आरोपियों के बताए खातों में जमा कराया। कुल मिलाकर तीन मार्च से 20 अप्रैल के बीच 1.89 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर करवाई गई।
कई दिनों तक संपर्क न होने पर जब रिश्तेदार उनके घर पहुंचे, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ और उन्हें इस डिजिटल अरेस्ट से बाहर निकाला गया। पीड़ित पूर्व सैनिक ने साइबर थाना पुलिस को दी शिकायत में कहा कि यदि समय रहते रिश्तेदार नहीं पहुंचते, तो वे दोनों आत्महत्या कर लेते। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले के जांच अधिकारी संजय ने बताया कि आरोपियों की पहचान और लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या ऐप के माध्यम से आने वाले निर्देशों का पालन करने से पहले सतर्क रहें और तुरंत पुलिस को सूचित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

