रेवाड़ी में अतिक्रमण पर चला पीला पंजा, मचा हड़कंप

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में अतिक्रमण पर चला पीला पंजा, मचा हड़कंप


सड़क किनारे रखा सामान हटाया, स्थानीय लोगों ने कार्रवाई में भेदभाव के लगाए आरोप

रेवाड़ी, 30 मई (हि.स.)। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की टीम ने शनिवार को शहर में अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया। प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही अतिक्रमणकारियों और दुकानदारों में हड़कंप मच गया। टीम ने सड़क और सार्वजनिक भूमि पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए कई स्थानों से दुकानदारों का सामान भी हटवाया।

कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई दुकानदारों ने अपना सामान स्वयं हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ स्थानों पर टीम को सामान जब्त करने की कार्रवाई भी करनी पड़ी। अधिकारियों का कहना है कि सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर बढ़ते अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी तथा आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।

हालांकि कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने विरोध भी जताया। उनका आरोप था कि प्रशासन की कार्रवाई पूरी तरह निष्पक्ष नहीं है। लोगों का कहना है कि छोटे दुकानदारों और गरीब परिवारों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाती हैए जबकि बड़े और प्रभावशाली लोगों द्वारा किए गए अतिक्रमण को नजरअंदाज किया जाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर में कई जगहों पर लंबे समय से बड़े स्तर पर अतिक्रमण मौजूद है, लेकिन उन पर कार्रवाई नहीं की जाती।

एक निवासी ने कहा कि गरीबों की झुग्गियां और छोटे कारोबारियों के सामान को हटाने में प्रशासन तेजी दिखाता है, जबकि बड़े लोगों के मामलों में कार्रवाई वर्षों तक लंबित रहती है। लोगों ने मांग की कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के सभी के खिलाफ समान रूप से की जानी चाहिए। उनका कहना है कि यदि प्रशासन निष्पक्ष तरीके से कार्रवाई करेगा तो लोगों का भरोसा भी बढ़ेगा और शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने का उद्देश्य भी सफल होगा।

वहीं एचएसवीपी अधिकारियों का कहना है कि अभियान नियमानुसार चलाया जा रहा है और सार्वजनिक भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे तथा जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story