रेवाड़ी में बिजली-पानी संकट से परेशान महिलाओं ने किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में बिजली-पानी संकट से परेशान महिलाओं ने किया प्रदर्शन


बिजली कटौती और पेयजल किल्लत से जूझ रहे लोगों ने उपायुक्त से लगाई समस्या समाधान की गुहार

रेवाड़ी, 30 मई (हि.स.)। रेवाड़ी के बावल औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक आवासीय कॉलोनी की महिलाओं ने लगातार बिजली कटौती और पेयजल संकट से परेशान होकर शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। समस्या का समाधान नहीं होने से नाराज महिलाएं जिला उपायुक्त आवास पहुंची और अधिकारियों से मुलाकात कर जल्द राहत दिलाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में सुचारु बिजली आपूर्ति बहाल करने के साथ-साथ स्थायी समाधान की मांग उठाई।

कॉलोनीवासियों का कहना है कि वे पिछले तीन दिनों से गंभीर बिजली और पानी की समस्या का सामना कर रहे हैं। लगातार बिजली आपूर्ति बाधित रहने के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पीने के पानी के लिए बाजार से पानी खरीदकर लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच पानी और बिजली की कमी ने लोगों की परेशानियां कई गुना बढ़ा दी हैं। निवासियों ने आरोप लगाया कि उन्होंने कई बार बिजली निगम के अधिकारियों को शिकायत दी, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। उनका कहना है कि समस्या लंबे समय से बनी हुई है और अधिकारी केवल आश्वासन देकर मामले को टाल रहे हैं।

प्रदर्शन कर रहे लोगों ने बताया कि कॉलोनी में लगाया गया ट्रांसफार्मर क्षेत्र की आवश्यकता के अनुरूप नहीं है। वर्तमान में कॉलोनी में करीब 45 किलोवाट बिजली लोड की जरूरत है, जबकि केवल 25 किलोवाट क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाया गया है। कम क्षमता होने के कारण ट्रांसफार्मर पर लगातार ओवरलोड बढ़ जाता है, जिससे बार-बार बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। उपायुक्त से मुलाकात के दौरान निवासियों ने मांग की कि क्षेत्र में जल्द उच्च क्षमता का नया ट्रांसफार्मर स्थापित किया जाए और नियमित बिजली एवं पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। लोगों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होंगे। प्रशासन ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story