दिल्ली-जयपुर हाईवे पर डंपर से टकराते ही कैंटर बना आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर डंपर से टकराते ही कैंटर बना आग का गोला, चालक ने कूदकर बचाई जान


रेवाड़ी, 11 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार सुबह सांवरिया होटल के सामने एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। सड़क पर चल रहे डंपर चालक द्वारा अचानक ब्रेक लगाए जाने से पीछे आ रहा परचून के सामान से भरा कैंटर डंपर से जा टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कैंटर में तुरंत आग लग गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली, जबकि कुछ ही मिनटों में पूरा कैंटर आग की लपटों में घिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन दिल्ली से जयपुर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रहा कैंटर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और डंपर से भिड़ गया। टक्कर के साथ ही कैंटर में आग भड़क उठी। वाहन में परचून का सामान भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते पूरा कैंटर जलने लगा।

हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने पुलिस और दमकल विभाग को जानकारी दी। सूचना पर धारूहेड़ा फायर ब्रिगेड तथा सेक्टर-छह थाना पुलिस मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कैंटर और उसमें रखा पूरा सामान जलकर राख हो चुका था। हादसे के कारण दिल्ली-जयपुर हाईवे पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात को सुचारु कराया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।

धारूहेड़ा सेक्टर-छह थाना प्रभारी सचिन कुंडू ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डंपर चालक के अचानक ब्रेक लगाने के कारण यह दुर्घटना हुई। राहत की बात यह रही कि कैंटर चालक पूरी तरह सुरक्षित है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story