रेवाड़ी डबल मर्डर के तीन आरोपी पांच दिन के रिमांड पर

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी डबल मर्डर के तीन आरोपी पांच दिन के रिमांड पर


रेवाड़ी, 19 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के गांव गोकलपुर के पास हुए डबल मर्डर मामले में गिरफ्तार तीन आरोपियों को सोमवार को क्राइम ब्रांच की टीम घटनास्थल और बुड़ाना चौक लेकर पहुंची। यहां आरोपियों की शिनाख्त कराई गई और वारदात से जुड़े तथ्यों की जांच की गई। इस दौरान आरोपियों को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस तीनों आरोपियों को पांच दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गांव चिरहाड़ा निवासी आशीष और गांव आसलवास निवासी धर्मपाल व सौरव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले भी विभिन्न थानों में कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों से वारदात में उनकी भूमिका और अन्य तथ्यों को लेकर पूछताछ कर रही है।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त को गांव गोकलपुर के पास गाड़ियों और बाइकों पर सवार होकर आए एक दर्जन से अधिक युवकों ने बाइक सवार तीन युवकों पर लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। हमले में गांव माढ़ैया कलां निवासी जतिन और गांव निगानियावास निवासी हिमेश की मौत हो गई थी, जबकि गांव बुड़ाना निवासी यशपाल मामूली रूप से घायल हुआ था।

आरोप है कि हमलावरों ने जतिन और हिमेश को थार गाड़ी से भी कुचल दिया था। कांवड़ यात्रा के दौरान हुई कहासुनी को वारदात की वजह बताया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, हिमेश के शरीर पर चोट के 18 और जतिन के शरीर पर चोट के 22 निशान मिले थे। इस मामले में पुलिस पहले ही सात अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। इनमें तरुण, मंजीत, रितेश, मनीष, सुनील, पवित्र और गौरव शामिल हैं। अब पुलिस गिरफ्तार तीनों आरोपियों से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763649 Articles

Share this story