रेवाड़ीः अस्पताल में दवा होते हुए बाहर से लिखी तो नपेंगे चिकित्सकः आरती राव

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ीः अस्पताल में दवा होते हुए बाहर से लिखी तो नपेंगे चिकित्सकः आरती राव


रेवाड़ी, 20 नवंबर (हि.स.)। शहर के नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को अमृत फार्मेसी का उद्घाटन करने पहुंची स्वास्थ्य मंत्री आरती राव ने सरकारी अस्पतालों में उपलब्ध दवाइयां मरीजों को नहीं देने और बाहर से दवा खरीदने की सलाह देने वाले चिकित्सकों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पताल में दवा उपलब्ध होने के बावजूद मरीजों को बाहर से दवाइयां खरीदने के लिए लिखने वाले चिकित्सकों की अब खैर नहीं है। ऐसे चिकित्सकों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करेगी।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में सबसे ज्यादा शिकायतें इसी बात को लेकर मिल रही हैं कि अस्पतालों में दवाइयां उपलब्ध होने के बावजूद चिकित्सक मरीजों को सॉल्ट के नाम पर बाहर से दवाइयां खरीदने की सलाह देते हैं। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि जब सरकारी अस्पताल में दवा उपलब्ध है तो मरीज को बाहर से खरीदने के लिए मजबूर क्यों किया जा रहा है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का उद्देश्य सरकारी अस्पतालों में आने वाले मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं और मुफ्त दवाइयां उपलब्ध कराना है। यदि अस्पताल में उपलब्ध दवाइयां भी मरीजों को नहीं दी जातीं तो सरकारी व्यवस्था का लाभ जरूरतमंदों तक नहीं पहुंच पाएगा। ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लेकर दोषी चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आरती राव ने नागरिक अस्पताल में अमृत फार्मेसी का उद्घाटन करते हुए जन औषधि योजना को मरीजों के लिए अच्छी पहल बताया। उन्होंने कहा कि जन औषधि केंद्रों पर कम कीमत में दवाइयां उपलब्ध कराई जाती हैं। यहां कई ऐसी दवाइयां भी मिलती हैं, जो आमतौर पर अन्य जगह आसानी से उपलब्ध नहीं होतीं। इससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को उपचार के दौरान राहत मिलेगी।

इस मौके पर बावल विधायक डॉ. कृष्ण कुमार, कोसली विधायक अनिल यादव, नगर परिषद चेयरपर्सन विनीता पीपल और भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना पोपली सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780567 Articles

Share this story