रेवाड़ी: रक्षाबंधन पर चलेगी दिल्ली-रींगस स्पेशल ट्रेन

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: रक्षाबंधन पर चलेगी दिल्ली-रींगस स्पेशल ट्रेन


रेवाड़ी-नारनौल समेत छह स्टेशनों पर ठहराव, यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

रेवाड़ी, 26 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली सराय-रींगस-दिल्ली सराय के बीच अनारक्षित स्पेशल रेलसेवा संचालित करने का निर्णय लिया है। स्पेशल ट्रेन के संचालन से रेवाड़ी, नारनौल समेत मार्ग के अन्य स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। त्योहार के दौरान दिल्ली और राजस्थान की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेलसेवा का विकल्प उपलब्ध होगा।

उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बुधवार को बताया कि गाड़ी संख्या 04415 दिल्ली सराय-रींगस अनारक्षित स्पेशल 27 और 28 अगस्त को दो ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन दिल्ली सराय से शाम 7:10 बजे रवाना होगी और रात 12:40 बजे रींगस पहुंचेगी।

इसी तरह वापसी में गाड़ी संख्या 04416 रींगस-दिल्ली सराय अनारक्षित स्पेशल 28 और 29 अगस्त को दो ट्रिप चलेगी। यह ट्रेन रींगस से रात दाे बजे रवाना होकर सुबह 6:30 बजे दिल्ली सराय पहुंचेगी। इससे रक्षाबंधन के दौरान दोनों दिशाओं में सफर करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।

रेलवे के अनुसार स्पेशल ट्रेन का ठहराव दिल्ली कैंट, गुड़गांव, पटौदी रोड, रेवाड़ी, नारनौल और नीमकाथाना स्टेशनों पर होगा। इन स्टेशनों से आवागमन करने वाले यात्रियों को भी इस सेवा का सीधा लाभ मिलेगा। खासकर रक्षाबंधन पर दिल्ली और राजस्थान के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन उपयोगी साबित होगी। रेलवे के मुताबिक ट्रेन में कुल 13 डिब्बे होंगे। इनमें 11 साधारण श्रेणी के कोच और दो गार्ड डिब्बे शामिल हैं। अनारक्षित श्रेणी की ट्रेन होने के कारण यात्री बिना आरक्षण के यात्रा कर सकेंगे। अतिरिक्त सेवा से त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story