रेवाड़ी में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत


रेवाड़ी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर कुंड चौकी के पास शनिवार देर रात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव अहरोद निवासी 36 वर्षीय जितेंद्र के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने हाईवे पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

जानकारी के अनुसार, जितेंद्र एक निजी कंपनी में काम करता था। शनिवार देर रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान कुंड चौकी के पास एक ट्रक की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक को एम्स जाना था, लेकिन रास्ता भटकने के कारण वह कुंड चौकी के पास पहुंच गया। आगे निकल आने का अहसास होने पर चालक ट्रक को मोड़ने लगा। इसी दौरान बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रक चालक को पकड़ लिया।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक ने शराब पी रखी थी। हादसे से नाराज लोगों ने रेवाड़ी-नारनौल हाईवे पर जाम लगा दिया। इसके चलते सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर कुंड चौकी पुलिस और थाना प्रभारी गजराज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर स्थिति संभालने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया ट्रक चालक उत्तर प्रदेश के इटावा का निवासी बताया जा रहा है, जबकि ट्रक का मालिक नीमराना निवासी है। पुलिस हादसे के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766505 Articles

Share this story