रेवाड़ीः विवाहिता का शव फंदे पर मिला, दहेज हत्या का आरोप
भाई ने पति, जेठ-जेठानी पर लगाए गंभीर आरोप, पांच लाख की मांग पूरी न होने पर हत्या का शक
रेवाड़ी, 15 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी जिले के किशनपुरा गांव में बुधवार सुबह एक विवाहिता का शव फंदे पर लटका मिला, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान नीतू के रूप में हुई है। घटना के बाद मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
मृतका के भाई गांव रेणागेर निवासी मनोज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी बहन नीतू की शादी आठ दिसंबर 2023 को किशनपुरा निवासी राकेश के साथ हुई थी। शादी के शुरुआती एक महीने तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन उसके बाद पति राकेश, जेठ मुकेश और जेठानी परिता ने दहेज को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया।
मनोज के अनुसार, सितंबर 2024 में नीतू ने एक बेटी को जन्म दिया, जिसके बाद उत्पीड़न और बढ़ गया। 14 अप्रैल की रात नीतू ने फोन कर बताया कि उससे पांच लाख रुपये की मांग की जा रही है और पैसे न देने पर उसके साथ मारपीट की जा रही है तथा जान से मारने की धमकी दी जा रही है। मनोज ने उसे अगले दिन पिता के साथ ससुराल पहुंचने का भरोसा दिया था।
बुधवार सुबह परिजनों को सूचना मिली कि नीतू ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही मायके पक्ष के लोग ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि नीतू की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है, ताकि मामले को आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
सूचना के बाद बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने भाई की शिकायत पर पति, जेठ और जेठानी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव को उसके पैतृक गांव ले जाकर अंतिम संस्कार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

