रेवाड़ीः बावल में डेयरी संचालक पर फायरिंग, दो आरोपी गिरफ्तार
सीआईए धारूहेड़ा की त्वरित कार्रवाई, मुख्य साजिशकर्ताओं की तलाश जारी
रेवाड़ी, 10 अप्रैल (हि.स.)। जिले के बावल क्षेत्र में गुरुवार को एक डेयरी संचालक पर हुई फायरिंग की वारदात में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिनकी पहचान गांव पातुहेड़ा निवासी नीरज और गुजर माजरी निवासी अमित के रूप में हुई है।
शुक्रवार को सीआईए धारूहेड़ा प्रभारी योगेश ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए अमित और नीरज नामक दो आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली है। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग की इस घटना के पीछे पुरानी रंजिश या आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया था, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से लोगों में राहत महसूस की जा रही है।
सीआईए प्रभारी योगेश ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है ताकि इस घटना के पीछे की असली वजह सामने लाई जा सके। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

