रेवाड़ी में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग


रेवाड़ी, 25 अक्टूबर (हि.स.)। रेवाड़ी के जाटूसाना में रविवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री जगदीश यादव के नेतृत्व में प्रदर्शन कर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका और अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा वोट चोरी से जुड़े आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान पूर्व मंत्री जगदीश यादव ने भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार एक साथ मिलकर वोट चोरी करते हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठना लोकतंत्र के लिए गंभीर विषय है। ऐसे में मुख्य चुनाव आयुक्त को नैतिकता के आधार पर अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।

जगदीश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का वोट सबसे महत्वपूर्ण अधिकार है। प्रत्येक मतदाता को यह भरोसा होना चाहिए कि उसके वोट का सही तरीके से इस्तेमाल हो रहा है और चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष है। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट चोरी के जरिए मतदाताओं के अधिकारों के साथ धोखा किया जा रहा है।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर रोष जताया गया। प्रदर्शनकारियों ने लोकतंत्र की रक्षा और मतदाताओं के अधिकारों को सुरक्षित रखने की मांग दोहराई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766582 Articles

Share this story