रेवाड़ी में निवेश का झांसा देकर कंपनी कर्मचारी से लाखों ठगे

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में निवेश का झांसा देकर कंपनी कर्मचारी से लाखों ठगे


रेवाड़ी, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले के धारूहेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत कर्मचारी साइबर ठगों के निवेश के जाल में फंस गया। ठगों ने टेलीग्राम के माध्यम से कम समय में मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर उससे अलग-अलग टास्क पूरे करवाने के नाम पर एक लाख 31 हजार रुपये ठग लिए। शुरुआत में तीन हजार रुपये निवेश करने पर 900 रुपये मुनाफे सहित 3900 रुपये लौटाने का भरोसा दिया गया। इसके बाद ठगों ने बड़े टास्क का झांसा देकर कई किस्तों में रकम जमा करवा ली। ठगी का अहसास होने पर पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।

साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि चरखी दादरी निवासी प्रशांत धारूहेड़ा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करता है। उसने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 29 अक्टूबर को टेलीग्राम के माध्यम से उसका एक व्यक्ति से संपर्क हुआ था। उक्त व्यक्ति ने उसे निवेश के जरिए अच्छी कमाई करने का लालच दिया और कहा कि तीन हजार रुपये लगाने पर उसे 900 रुपये का मुनाफा मिलेगा। इस तरह कुल 3900 रुपये वापस मिलने का भरोसा दिलाया गया।

मुनाफे के लालच में आकर प्रशांत ने बताए गए बारकोड पर तीन हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद ठगों ने उसे बड़ा टास्क पूरा करने के लिए 12 हजार रुपये जमा कराने को कहा। शुरुआत में दिए गए भरोसे के कारण वह उनकी बातों में आ गया और रकम भेजता रहा। पीड़ित के अनुसार, इसके बाद ठगों ने उससे 12 हजार, 38 हजार, 40 हजार और 38 हजार रुपये की अलग-अलग किस्तें जमा करवाईं। इस तरह कुल एक लाख 31 हजार रुपये ट्रांसफर करवा लिए।

इसके बावजूद उसे कोई मुनाफा नहीं मिला और न ही उसकी मूल रकम वापस की गई। प्रशांत ने बताया कि ठगों ने टेलीग्राम पर हुई बातचीत की चैट भी डिलीट कर दी है। इसके बाद उसे साइबर ठगी का पता चला। अब साइबर क्राइम थाना रेवाड़ी पुलिस लेनदेन के रिकॉर्ड और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776872 Articles

Share this story