रेवाड़ी में कार की टक्कर से कंपनी कर्मी की मौत

WhatsApp Channel Join Now

बालाजी मार्केट के पास पैदल जा रहे दो कर्मचारियों को कार ने मारी टक्कर, चालक मौके से फरार

रेवाड़ी, 01 अगस्त (हि.स.)। शहर के दिल्ली रोड स्थित बालाजी मार्केट के पास शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने पैदल जा रहे दो कंपनी कर्मियों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद निवासी मोनू ने शिकायत में बताया कि वह अपने साथी शिव के साथ बीती रात बालाजी मार्केट से अभय सिंह चौक की ओर पैदल जा रहा था। इसी दौरान तेज गति से आई एक कार ने दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।

हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद शिव को मृत घोषित कर दिया, जबकि मोनू का उपचार जारी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

शहर थाना पुलिस ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story