रेवाड़ी हाईवे हादसे में ट्रक ने बाइक सवार युवकों को कुचला, दाे की माैत

WhatsApp Channel Join Now

आसलवास के पास दर्दनाक टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत

रेवाड़ी, 26 मई (हि.स.)। रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर मंगलवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार गांव राजगढ़ निवासी करीब 26 वर्षीय प्रवीण कुमार, 19 वर्षीय रोहित और मनोज एक ही बाइक पर सवार होकर धारूहेड़ा की ओर जा रहे थे। जब वे आसलवास गांव के समीप दिल्ली-जयपुर हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलता हुआ आगे निकल गया।

हादसे में रोहित और प्रवीण कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों युवकों के शव सड़क पर पड़े देखकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घटना की जानकारी मिलने के बाद कसोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके।

कसोला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी चालक को पकड़ लिया जाएगा। वहीं गांव राजगढ़ में दो युवकों की मौत की खबर पहुंचते ही परिवारों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल बन गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story