रेवाड़ी: दो ट्रालों की भिड़ंत, एक में लगी भीषण आग
रेवाड़ी, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जयपुर-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह मसानी बराज के समीप दो ट्रालों की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद एक ट्राले की केबिन में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से दोनों चालक गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर डायल 112 और धारूहेड़ा दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दोनों घायल चालकों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की हालत अधिक गंभीर बताई जा रही है।
थाना धारूहेड़ा पुलिस के अनुसार शुक्रवार सुबह रोडिय़ों से भरा एक डंपर जयपुर से दिल्ली की ओर जा रहा था। जब डंपर राष्ट्रीय राजमार्ग पर रजवाड़ा होटल के समीप पहुंचा तो चालक ने ब्रेक लगा दिए। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्राला डंपर में जा घुसा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्राले की केबिन में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
हादसे में दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से झुलस गए। घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और धारूहेड़ा दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद घायल चालकों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल दोनों चालकों की पहचान नहीं हो पाई है। एक चालक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे के बाद हाईवे पर वाहनों की कतार लग गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। सूचना मिलने पर यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और वाहनों का आवागमन सुचारु कराया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

