रेवाड़ी में सीएम फ्लाइंग की छापेमारी, अवैध गुटखा फैक्ट्री पकड़ी

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में सीएम फ्लाइंग की छापेमारी, अवैध गुटखा फैक्ट्री पकड़ी


पान मसाला, सुपारी, तंबाकू और गुटखा बरामद

रेवाड़ी, 30 सितंबर (हि.स.)। रेवाड़ी में रामगढ़ रोड पर बुधवार को सीएम फ्लाइंग ने इंटेलिजेंस से मिली सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कथित अवैध पान मसाला, सुपारी, गुटखा और तंबाकू फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। छापेमारी के दौरान फैक्ट्री से भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया। कार्रवाई के लिए कई विभागों की टीमें मौके पर पहुंचीं और जांच शुरू की।

जानकारी के अनुसार सीएम फ्लाइंग की टीम ने इंटेलिजेंस से मिली सूचना के बाद रामगढ़ रोड स्थित परिसर में छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान वहां पान मसाला, सुपारी, गुटखा और तंबाकू से संबंधित सामग्री मिली। मौके पर मौजूद विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने सामान और फैक्ट्री से संबंधित दस्तावेजों की जांच की। बताया जा रहा है कि उक्त फैक्ट्री एक महिला अधिकारी के पति से संबंधित है। हालांकि, इस संबंध में अधिकारियों की ओर से अभी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। बताया गया है कि पान मसाला-गुटखा फैक्ट्री का मूल पता नूंह का है, जबकि इसे कथित तौर पर रेवाड़ी में गैरकानूनी तरीके से संचालित किया जा रहा था। अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री का लाइसेंस मई माह में ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद यहां उत्पादन और अन्य गतिविधियां संचालित किए जाने की जानकारी सामने आई है। मामले की जांच के लिए पुलिस के अलावा फायर ब्रिगेड, जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) और बिजली विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। विभागीय टीमों ने मौके पर पहुंचकर अपने-अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। बरामद सामान और दस्तावेजों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही फैक्ट्री के संचालन और नियमों के उल्लंघन से जुड़े तथ्यों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story