रेवाड़ी में जीत का जुलूस में बवालः लाठी-डंडों से हमला में पूर्व पार्षद सहित कई घायल

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में जीत का जुलूस में बवालः लाठी-डंडों से हमला में पूर्व पार्षद सहित कई घायल


वार्ड नंबर-14 की नई बस्ती में चुनावी रंजिश ने लिया हिंसक रूप

रेवाड़ी, 13 मई (हि.स.)। रेवाड़ी शहर के वार्ड नंबर-14 स्थित नई बस्ती मोहल्ले में बुधवार दोपहर बाद नवनिर्वाचित पार्षद का विजय जुलूस उस समय बवाल में बदल गया, जब हारे हुए प्रत्याशी के समर्थकों ने जुलूस पर अचानक हमला कर दिया। लाठी-डंडों से हुए इस हमले में पूर्व पार्षद सहित कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी और तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया।

शहर के वार्ड नंबर-14 से इस बार एडवोकेट चंदन यादव, राजकुमार शर्मा और सोम गुर्जर चुनाव मैदान में थे। मतगणना के बाद एडवोकेट चंदन यादव को विजयी घोषित किया गया। जीत की घोषणा के बाद बुधवार दोपहर समर्थकों ने मोहल्ले में विजय जुलूस निकालना शुरू किया। बताया जा रहा है कि जैसे ही विजय जुलूस हारे हुए प्रत्याशी सोम गुर्जर के घर के पास पहुंचा, तभी वहां मौजूद उसके समर्थकों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हिंसक झड़प में बदल गया।

आरोप है कि विरोधी पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमला अचानक हुआ, जिसके कारण जुलूस में शामिल लोगों में भगदड़ मच गई। हमले में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल बताई जा रही हैं। कई लोगों को चोटें आई हैं, जिनमें पूर्व पार्षद भी शामिल हैं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व विधायक चिरंजीव राव भी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना।

घटना के बाद नई बस्ती क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए मोहल्ले में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story