रेवाड़ी-धारूहेड़ा में भाजपा ने घोषित किए चेयरमैन प्रत्याशी

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी-धारूहेड़ा में भाजपा ने घोषित किए चेयरमैन प्रत्याशी


रेवाड़ी-धारूहेड़ा में भाजपा ने घोषित किए चेयरमैन प्रत्याशी


विनिता पीपल और अजय जांगड़ा पर जताया भरोसा, कांग्रेस से सीधा मुकाबलारेवाड़ी, 23 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुरुवार को रेवाड़ी नगर परिषद और धारूहेड़ा नगर पालिका चेयरमैन पद के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी। पार्टी ने रेवाड़ी से पूर्व चेयरमैन विनिता पीपल और धारूहेड़ा से निवर्तमान नगर पालिका उपप्रधान अजय जांगड़ा को मैदान में उतारा है। अब इन दोनों का मुकाबला क्रमशः कांग्रेस की निहारिका और धारूहेड़ा में कुमारी राज से होगा।

भाजपा को दोनों सीटों के लिए कुल 42 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें रेवाड़ी के लिए 25 और धारूहेड़ा के लिए 17 दावेदार शामिल थे।

सूत्रों के अनुसार, दोनों उम्मीदवार केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के समर्थक माने जाते हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि टिकट वितरण में एक बार फिर राव इंद्रजीत सिंह का प्रभाव साफ दिखाई दिया है।

विनिता पीपल का राजनीतिक सफर भी खासा चर्चित रहा है। वे कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं और वर्ष 2016 में भाजपा के समर्थन से रेवाड़ी नगर परिषद की चेयरमैन बनी थीं। इस बार रेवाड़ी नगर परिषद चेयरमैन का पद अनुसूचित जाति (एससी) महिला के लिए आरक्षित है, और विनिता पीपल जाटव समाज से संबंध रखती हैं। उनका पारिवारिक राजनीतिक इतिहास भी मजबूत रहा है। उनके ससुर मोहन लाल पीपल दो बार पटौदी से विधायक रह चुके हैं और सरकार में संसदीय सचिव व विभिन्न पदों पर कार्य कर चुके हैं। उनका परिवार लंबे समय से क्षेत्र की राजनीति में सक्रिय रहा है और रामपुरा हाउस से जुड़ा माना जाता है। अब दोनों सीटों पर भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला होने जा रहा है, जिसे लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story