रेवाड़ीः कार में मिला स्कूल संचालक का शव

WhatsApp Channel Join Now

दो दिन से लापता थे आकाश गौड़, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

रेवाड़ी, 21 मई (हि.स.)। रेवाड़ी में बुधवार शाम को स्कूल संचालक आकाश गौड़ का शव सेक्टर-18 क्षेत्र में उनकी कार के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है।

जानकारी के अनुसार आकाश गौड़ 18 मई को किसी जरूरी काम से घर से निकले थे। इसके बाद वे वापस घर नहीं लौटे। परिजनों के मुताबिक उनकी पत्नी से आखिरी बार 19 मई को फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उनका मोबाइल बंद आने लगा, जिससे परिवार चिंतित हो गया। बताया जा रहा है कि 20 मई को उनका बेटा स्कूल बस से जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में उसने अपने पिता की कार खड़ी देखी। हालांकि उस समय उसे कोई संदेह नहीं हुआ।

स्कूल से लौटने के बाद उसने परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। परिजन गढ़ी बोलनी रोड से सेक्टर-18 की ओर पहुंचे तो वहां सड़क किनारे खड़ी कार मिली। जब उन्होंने कार के अंदर देखा तो आकाश गौड़ सीट पर बैठे हुए थे और उनकी हालत गंभीर थी। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने कार की तलाशी ली, लेकिन उसमें रखा सामान सुरक्षित मिला। प्रारंभिक जांच में किसी प्रकार की लूटपाट के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। आकाश गौड़ बूढ़पुर क्षेत्र में एक प्राइमरी स्कूल का संचालन करते थे और सामाजिक रूप से सक्रिय माने जाते थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story