रेवाड़ी में कैंटर की टक्कर से युवक की मौत, साथी गंभीर घायल

WhatsApp Channel Join Now

असाही फ्लाईओवर के पास हादसा, डिवाइडर पार करते समय मारी टक्कर, चालक फरार

रेवाड़ी, 06 अप्रैल (हि.स.)। रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा असाही फ्लाईओवर के समीप उस समय हुआ, जब दोनों युवक बाइक पर सवार होकर हाईवे पार कर रहे थे। तेज रफ्तार कैंटर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान बावल कस्बा निवासी करीब 26 वर्षीय शिवा के रूप में हुई है, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार सुधीर गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुजर रहे थे और असाही फ्लाईओवर के पास डिवाइडर पार करने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान तेज गति से आ रहे कैंटर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। दोनों युवकों को बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने शिवा को मृत घोषित कर दिया। वहीं सुधीर की गंभीर हालत को देखते हुए उसे रेवाड़ी के एक निजी अस्पताल में रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

सूचना मिलने पर कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जिसे बाद में परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Share this story