रेवाड़ी: कोसली में 11.57 करोड़ से बनेगा बस स्टैंड, विधायक ने किया भूमि पूजन

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी: कोसली में 11.57 करोड़ से बनेगा बस स्टैंड, विधायक ने किया भूमि पूजन


रेवाड़ी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। कोसली में शुक्रवार को विधायक अनिल यादव ने नए बस स्टैंड भवन के निर्माण के लिए भूमि पूजन कर कार्य का शुभारंभ किया। करीब 11 करोड़ 57 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह बस स्टैंड 18 महीने में तैयार होगा। इसके निर्माण से कोसली सहित आसपास के गांवों के यात्रियों को बेहतर परिवहन सुविधाएं मिल सकेंगी।

विधायक अनिल यादव ने बताया कि नए बस स्टैंड परिसर में यात्रियों की सुविधा के लिए छह बस बूथ बनाए जाएंगे। इसके अलावा अधिकारियों के कार्यालय, बसों के ठहराव के लिए प्लेटफार्म, पार्किंग और कार्यशाला की व्यवस्था भी होगी। आधुनिक सुविधाओं से युक्त बस स्टैंड बनने से यात्रियों को बसों का इंतजार करने और आवागमन में सुविधा मिलेगी। बस स्टैंड के साथ सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा। इसके लिए तीन करोड़ 82 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। सर्विस रोड बनने से बस स्टैंड तक पहुंच आसान होगी और वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

कोसली सब डिपो के लिए 92 पद सृजित करते हुए स्वीकृति प्रदान की गई है। इस सब डिपो से करीब 50 बसें संचालित की जाएंगी। इससे क्षेत्र के लोगों को बस सेवाओं के लिए रेवाड़ी बस स्टैंड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कोसली से ही दूसरे जिलों और राज्यों के विभिन्न रूटों पर हरियाणा रोडवेज की बसें उपलब्ध हो सकेंगी। कोसली बस स्टैंड से आसपास के गांवों के लोग रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, गुरुग्राम और दिल्ली सहित विभिन्न स्थानों के लिए यात्रा करते हैं। नए बस स्टैंड और सब डिपो के शुरू होने से क्षेत्र में सार्वजनिक परिवहन सुविधाओं का विस्तार होगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलने के साथ यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762088 Articles

Share this story