रेवाड़ी में कार के पास मिला युवक का शव, गोली लगने से मौत

WhatsApp Channel Join Now
रेवाड़ी में कार के पास मिला युवक का शव, गोली लगने से मौत


रेवाड़ी, 14 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव मुकुंदपुर बसई में शुक्रवार रात गोली लगने से 36 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक का शव गांव से बोलनी रोड पर नहर के पास खेत में खड़ी कार के नजदीक मिला। घटनास्थल पर युवक के शव के पास एक देशी कट्टा और बीयर की दो बोतलें मिलने से मामले ने नया मोड़ ले लिया है।

पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है। हालांकि, युवक की मौत के पीछे की वास्तविक वजह और घटनाक्रम का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। कसौला थाना प्रभारी सतीश कुमार के अनुसार, शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि मुकुंदपुर बसई से बोलनी रोड पर नहर के पास एक युवक को गोली लगी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम सीन टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने गोली लगने से घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान गांव मुकुंदपुर बसई निवासी 36 वर्षीय बसंत के रूप में हुई है। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस को घटनास्थल पर शव के नजदीक एक देशी कट्टा और बीयर की दो बोतलें मिली हैं। पुलिस ने दोनों बोतलों और कट्टे को कब्जे में लेकर जांच में शामिल कर लिया है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या सहित सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों से मौत की परिस्थितियां स्पष्ट होने की उम्मीद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776872 Articles

Share this story