रेवाड़ी की नहर में मिला नवजात बच्ची का शव
रेवाड़ी, 16 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के जाटूसाना क्षेत्र की खुशपुरा छोटी नहर में शुक्रवार को नवजात बच्ची का शव मिलने से आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के बाद जाटूसाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को भी बुलाया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल रेवाड़ी भेज दिया गया।
जाटूसाना थाना प्रभारी प्रिंस ने बताया कि पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि खुशपुरा छोटी नहर में एक बच्चे का भ्रूण पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान नहर में नवजात बच्ची का शव मिला। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, बच्ची का जन्म करीब दो दिन पहले हुआ था। हालांकि, जन्म और मृत्यु से संबंधित वास्तविक परिस्थितियों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नवजात बच्ची का शव नहर में कहां से आया और इसे किसने वहां छोड़ा। इसके लिए आसपास के क्षेत्र में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार, खुशपुरा छोटी नहर करीब 15 किलोमीटर तक फैली हुई है। ऐसे में शव नहर में किस स्थान से बहकर आया, इसकी भी जांच की जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल रहा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल बच्ची की पहचान और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

