रेवाड़ी ब्लास्ट मामले में ठेकेदार समेत तीन आरोपी गिरफ्तार
एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार, पांच झुलसे लोगों में पिता-पुत्री की हो चुकी मौत
रेवाड़ी, 21 अगस्त (हि.स.)। रेवाड़ी के हंस नगर में रिटायर फौजी के घर हुए ब्लास्ट के मामले में शुक्रवार काे सदर थाना पुलिस ने ठेकेदार व सुपरवाइजर सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में ठेकेदार एवं प्रोजेक्ट मैनेजर राहुल, सुपरवाइजर रणजीत सिंह और संदीप शामिल हैं। हालांकि, मामले में अभी एफएसएल की रिपोर्ट आना बाकी है। पुलिस ने स्थानीय स्तर पर हुई जांच और कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है।
सदर थाना एसएचओ राकेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। एफएसएल की रिपोर्ट अभी प्राप्त नहीं हुई है। स्थानीय स्तर पर जांच पूरी होने के बाद आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। अब मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के अनुसार, स्थानीय कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। एफएसएल रिपोर्ट में देरी को देखते हुए उपायुक्त अभिषेक मीणा ने तत्कालीन डीएमसी ब्रह्मप्रकाश की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी गठित की थी। कमेटी में संबंधित विभागों के विशेषज्ञों को शामिल किया गया था। पुलिस भी अपने स्तर पर मामले की जांच कर रही थी। प्रारंभिक जांच में ब्लास्ट का कारण गैस माना गया था, लेकिन गैस आईजीएल की थी या नहीं, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। अब एफएसएल रिपोर्ट से ब्लास्ट के वास्तविक कारण का पता चलने की उम्मीद है।
ज्ञात हो कि पांच जुलाई की शाम हंस नगर निवासी रिटायर सूबेदार सतबीर चौहान के घर में ब्लास्ट हुआ था। हादसे में सतबीर चौहान, उनकी बेटी तन्नु, पत्नी मधु, दो वर्षीय बच्ची और पड़ोसी बीएसएफ जवान जयभगवान झुलस गए थे। सभी को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था। उपचार के दौरान 9 जुलाई को तन्नु और 11 जुलाई को सतबीर चौहान की मौत हो गई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्याम सुंदर शुक्ला

